तेजस्वी यादव का चुनावी वादा: जीविका दीदियों और संविदा कर्मियों को मिलेगा सरकारी नौकरी का दर्जा

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा चुनावी ऐलान किया है। छठ महापर्व से पहले उन्होंने जीविका दीदियों और संविदा कर्मियों को सरकारी नौकरी का दर्जा देने का वादा किया है। बुधवार को पोलो रोड स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं कीं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के लोग अब बदलाव चाहते हैं। वे गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त हैं। उन्होंने कहा, “हमने जो वादे किए थे, उन्हें पिछले कार्यकाल में पूरा किया। अब महागठबंधन की सरकार बनते ही दो बड़ी योजनाएं लागू होंगी।”

जीविका दीदियों के लिए ऐलान:

तेजस्वी यादव ने कहा कि अब तक जीविका दीदियों का शोषण होता रहा है, लेकिन अब नहीं। उन्होंने घोषणा की कि नई सरकार बनने के बाद सभी जीविका दीदियों को सरकारी कर्मी का दर्जा दिया जाएगा।

  • शुरुआती वेतन ₹30,000 होगा।
  • ₹2,000 प्रतिमाह अतिरिक्त भत्ता दिया जाएगा।
  • सभी ऋण ब्याज मुक्त कर दिए जाएंगे।
  • दो साल तक ब्याज मुक्त ऋण सुविधा दी जाएगी।
  • पाँच लाख रुपये तक का बीमा कराया जाएगा।

संविदा कर्मियों को स्थायी करने की घोषणा:

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में उर्मिला और बेल्ट्रॉन के तहत दो लाख से अधिक संविदाकर्मी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार बनते ही सभी संविदा कर्मियों को स्थायी किया जाएगा। अब उनका शोषण नहीं होगा।”
तेजस्वी ने कहा कि वर्तमान सरकार संविदाकर्मियों से 18% जीएसटी काटकर वेतन देती है, जो अनुचित है। उन्होंने कहा कि अब इन कर्मियों को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा दी जाएगी।

MAA योजना का एलान:

तेजस्वी यादव ने ‘MAA योजना’ की घोषणा की, जिसका मतलब है —
M का अर्थ मकान, A का अर्थ अन्न और A का अर्थ आमदनी
उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर बिहार की हर महिला और बहन को ये तीनों सुविधाएं दी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि बिहार में वर्तमान में 1.5 लाख से अधिक जीविका दीदियाँ और 12 लाख से ज्यादा संविदा कर्मी कार्यरत हैं, जो लंबे समय से स्थायीकरण की मांग कर रहे हैं।

नियोजित शिक्षकों को स्थायी करने का उदाहरण:

तेजस्वी यादव ने कहा, “जब हमने नियोजित शिक्षकों को स्थायी करने का वादा किया था, तब विरोध हुआ। लेकिन हमने कर दिखाया। अब हम यही मॉडल संविदा कर्मियों और जीविका दीदियों के लिए लागू करेंगे।”

उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने के बाद 20 दिन के भीतर कानून और 20 महीने में हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी।

राजद की चुनावी रणनीति:

इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में राजद 143 सीटों पर मैदान में है। तेजस्वी यादव वैशाली जिले की राघोपुर सीट से उम्मीदवार हैं। पार्टी ने 24 महिलाओं को टिकट दिया है और 50 यादव व 18 मुस्लिम उम्मीदवारों को शामिल किया है। इस बार 76 विधायकों में से 31 को टिकट नहीं मिला।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment