सीवान (बिहार): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान सीवान जिले में आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र में पुलिस ने निर्दलीय प्रत्याशी राज किशोर गुप्ता की स्कॉर्पियो गाड़ी से एक पिस्टल और एक राइफल बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह बरामदगी मलमलिया मेन रोड पर की गई नियमित वाहन जांच के दौरान हुई। पुलिस ने जब प्रत्याशी से हथियारों के लाइसेंस और दस्तावेज मांगे, तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों हथियारों को जब्त कर लिया और मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों हथियार बिना अनुमति के ले जाए जा रहे थे। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर जिला निर्वाचन अधिकारी को भेज दी है।
चुनाव के मद्देनजर प्रशासन और चुनाव आयोग दोनों ही सख्त निगरानी मोड में हैं। प्रत्येक वाहन की गहन तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।
चुनाव आयोग ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट:
इस मामले की जानकारी मिलते ही चुनाव आयोग ने जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध हथियारबंदी या नियम उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। आम जनता और विरोधी दलों के नेताओं ने भी सवाल उठाए हैं कि जब चुनावी माहौल में इतनी सुरक्षा है, तो फिर प्रत्याशी की गाड़ी में हथियार कैसे पहुंचे।







