रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में PG के 4 नए कोर्स को मंजूरी: राज्य के छात्रों को मिलेगा बड़ा मौका, अब 40 सीटों पर होगा एडमिशन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ राज्य के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। स्व. श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रायगढ़ को स्नातकोत्तर (PG) के चार नए कोर्स की मंजूरी मिल गई है। इस फैसले से राज्य के MBBS पास छात्रों को अब बाहर गए बिना ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री और वित्त मंत्री की पहल पर राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग ने इन नए कोर्स की स्वीकृति दी है।

नए कोर्स में जनरल सर्जरी विभाग की 4 सीटें, मेडिसिन विभाग की 4 सीटें, स्त्री एवं प्रसूति विभाग की 2 सीटें और चर्म रोग विभाग की 2 सीटों को मंजूरी दी गई है। इस मंजूरी के साथ मेडिकल कॉलेज में अब 40 सीटों पर एडमिशन होगा। पहले से चल रहे PG कोर्स में एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, पैथोलॉजी, एफएमटी, कम्युनिटी मेडिसिन, मनोरोग, आर्थो, एनेस्थीसिया और ईएनटी विभाग शामिल हैं।

इस फैसले से न केवल राज्य के छात्रों को ही लाभ होगा बल्कि छत्तीसगढ़ को भी अधिक संख्या में विशेषज्ञ डॉक्टर मिलेंगे। अब छात्रों को PG की पढ़ाई के लिए अन्य राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे राज्य में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। नई सीटों की शुरुआत सत्र 2025–26 से की जाएगी।

यह कदम छत्तीसगढ़ में चिकित्सा क्षेत्र के विस्तार और युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा बदलाव साबित होगा। इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या में वृद्धि होगी और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment