बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने अपनी फाइनल उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर अभी भी सहमति नहीं बन पाई है, लेकिन मुकेश सहनी ने सोमवार देर शाम 15 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी।
जानकारी के अनुसार, पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने उम्मीदवार चयन में जातीय संतुलन का खास ध्यान रखा है। फाइनल लिस्ट में 7 निषाद, 3 यादव, 2 राजपूत, 1 अग्रहरि वैश्य, 1 कुर्मी, 1 केवट और 1 मुसहर समुदाय से प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है।
इन 15 सीटों पर उम्मीदवार घोषित:
विकासशील इंसान पार्टी ने चैनपुर से बाल गोविंद सिंह, सुगौली से शशि भूषण सिंह, सिकटी से हरियाणा प्रमाणिक, बिहपुर से अपर्णा कुमारी मंडल, कटिहार से सौरव अग्रवाल, केसरिया से वरुण विजय, लौरिया से रण कौशल प्रताप सिंह, गोपालपुर से प्रेम कुमार, और बाबूबरही से बिंदु गुलाब यादव को टिकट दिया है।
इससे पहले जारी पहली सूची में पार्टी ने छह उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे — औराई से भोगेंद्र सहनी, बरूराज से राकेश कुमार, दरभंगा सदर से उमेश सहनी, कुशेश्वरस्थान से गणेश भारती, आलमनगर से नवीन निषाद, और गौड़ाबौराम से संतोष सहनी को टिकट दिया गया था।
डिप्टी सीएम पद पर अब भी अड़े मुकेश सहनी:
मुकेश सहनी ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन अगर महागठबंधन की सरकार बनती है, तो वे डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी चाहते हैं।
संतोष सहनी (मुकेश सहनी के भाई) के गौड़ाबौराम से नामांकन भरने और बाद में वापस लेने के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि खुद मुकेश सहनी वहां से उतर सकते हैं, लेकिन उन्होंने चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया।
15 सीटों के अलावा मिला था यह ऑफर:
सूत्रों के अनुसार, शुरू में मुकेश सहनी ने महागठबंधन से 50 सीटें और डिप्टी सीएम पद की मांग की थी। बाद में यह घटकर 40 सीटें रह गईं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद पटना लौटे सहनी ने प्रेस वार्ता बुलाई, जो कई बार स्थगित हुई।
अंततः तय हुआ कि महागठबंधन वीआईपी को 15 विधानसभा सीटें, 2 विधान परिषद सीटें और 1 राज्यसभा सीट देने के लिए तैयार है। इसके बाद सहनी ने अपनी दोनों सूचियां जारी कर दीं।







