जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में मंगलवार को Anti Corruption Bureau (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, फरसगांव तहसील के ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने ACB से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में उनके पिता और बुआ का नाम दर्ज कराने के एवज में रीडर मुकेश रंगारी 70 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई।
जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 35 हजार रुपये (15 हजार और 20 हजार रुपये) दे चुका था। मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये ले रहा था, तभी पहले से तैनात ACB टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।

ACB के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन जांच जारी है। यदि किसी अन्य की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद फरसगांव तहसील कार्यालय में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ इसे ACB की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।





