भोजपुर जिले में जनशक्ति जनता दल के नेता और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की चुनावी रैली के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। रैली में शामिल एक निजी बोलेरो गाड़ी पर पुलिस का लोगो और चेतावनी लाइट लगी होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह वीडियो 18 अक्टूबर 2025 को सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकुमार सह ने बताया कि जांच में यह साबित हुआ कि बोलेरो (नंबर BR03AR1820) एक निजी वाहन है, जो प्रमोद कुमार यादव, पिता सिद्धनाथ सिंह, निवासी लसाढ़ी, थाना अगियांव, जिला भोजपुर के नाम पर पंजीकृत है।
पुलिस ने जांच में पाया कि निजी वाहन पर पुलिस का लोगो और लाइट लगाना एक गंभीर अपराध है, जो भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 के तहत संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है।
वाहन जब्ती की कार्रवाई शुरू:
गड़हनी थाना में कांड संख्या 158/25 दर्ज की गई है। इसमें वाहन मालिक और अज्ञात चालक के खिलाफ BNS की धारा 171, 174, 347(1), 347(2) और 348 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक भोजपुर के निर्देश पर वाहन जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि चुनावी आचार संहिता के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा पुलिस पहचान, प्रतीक या चिन्ह का गलत उपयोग सहन नहीं किया जाएगा।







