रायपुर 12 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा रविवार को वार्ड बॉय और वार्ड आया के पदों पर भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया। लेकिन इस परीक्षा में गेट समय से पहले बंद किए जाने के कारण कई अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। इससे अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखी गई और कई केंद्रों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा के एडमिट कार्ड में गेट बंद होने का समय 10:30 बजे लिखा था, लेकिन कई परीक्षा केंद्रों पर गेट 10:25 बजे ही बंद कर दिए गए। इस वजह से समय पर पहुंचने के बावजूद सैकड़ों उम्मीदवार परीक्षा केंद्र के बाहर ही रह गए। परीक्षा का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक निर्धारित था।
उम्मीदवारों ने बताया कि उन्हें पहले ही निर्देश दिए गए थे कि वे फ्रीसिक्योरिटी और चेकिंग प्रक्रिया के लिए कम से कम दो घंटे पहले पहुंचें। फिर भी गेट जल्दी बंद कर देने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। वे लंबी दूरी तय कर परीक्षा केंद्र तक तो पहुंच गए, लेकिन समय से पहले गेट बंद होने के कारण अंदर नहीं जा सके।
इस परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। उम्मीदवारों का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया को लेकर प्रबंधन की ओर से पारदर्शिता नहीं बरती गई। कई ऐसे अभ्यर्थी भी समय से पहले पहुंचे थे, लेकिन प्रबंधन की कड़ाई और अस्पष्ट नियमों के चलते उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।
परीक्षार्थियों ने व्यावसायिक परीक्षा मंडल से मांग की है कि इस लापरवाही और व्यवस्था में हुई चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी परीक्षा व्यवस्था बनाई जाए जिसमें अभ्यर्थियों को सही समय पर जानकारी और पारदर्शी प्रक्रिया के साथ प्रवेश दिया जा सके।
यह परीक्षा वार्ड बॉय और वार्ड आया पदों की भर्ती के लिए बेहद अहम मानी जा रही थी। अब अभ्यर्थियों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या परीक्षा मंडल इस चूक को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित उम्मीदवारों के लिए कोई विशेष व्यवस्था करेगा या नहीं। इस घटना ने न केवल अभ्यर्थियों को निराश किया है बल्कि परीक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



