रायपुर।शिक्षक दिवस 2025 पर छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश के दो शिक्षकों का चयन राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है, जबकि 64 शिक्षक राज्यपाल शिक्षक सम्मान से नवाजे जाएंगे।
जवाहर नवोदय विद्यालय, सलोरा (कोरबा) के संतोष कुमार चौरसिया और दुर्ग की माध्यमिक शाला हनोदा की डा. प्रज्ञा सिंह अपनी नवाचारी और उत्कृष्ट शिक्षा कार्यों के लिए राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित होंगे। यह पुरस्कार 5 सितंबर को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किए जाएंगे।
प्रत्येक शिक्षक को प्रशस्ति पत्र, ₹50,000 नकद राशि और रजत पदक मिलेगा। वहीं, प्रदेश स्तर पर 64 शिक्षकों का चयन राज्यपाल सम्मान के लिए हुआ है। इन शिक्षकों को राज्यपाल शिक्षक दिवस के मौके पर रायपुर में आयोजित समारोह में सम्मानित करेंगे।
किन-किन शिक्षकों का हुआ चयन
स्कूल शिक्षा विभाग के मुताबिक, चयनित शिक्षकों में प्राचार्य, प्रधान पाठक, व्याख्याता, सहायक शिक्षक सहित विभिन्न श्रेणियों के शिक्षक शामिल हैं।
- रायपुर से: प्रधान पाठक गोपाल राम यादव, सहायक शिक्षक कामिनी साहू
- धमतरी से: प्रधान पाठक किरण साहू, सहायक शिक्षक प्रीति शांडिल्य
- राजनांदगांव से: प्राचार्य डा. शोभा श्रीवास्तव, प्रधान पाठक मुन्हेलाल लिल्हारे
- जशपुर से: प्रधान पाठक सरिता नायक, प्रवीण कुमार पाठक
- बिलासपुर से: व्याख्याता शांति सोनी, प्रधान पाठक शिव कुमार छत्रवाणी
- कांकेर से: व्याख्याता कुसुम जैन
- बस्तर से: व्याख्याता सईदा खान, प्रधान अध्यापक देवश्री गोयल
- बीजापुर से: प्रधान पाठक जगदीश तोरेंम, व्याख्याता अरुण कुमार सिंह
इसी तरह प्रदेशभर के सभी जिलों से चयनित शिक्षक इस सम्मान सूची में शामिल हैं।
सम्मान का महत्व
यह पुरस्कार न केवल शिक्षकों की व्यक्तिगत उपलब्धियों को मान्यता देता है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचार, समर्पण और योगदान को भी उजागर करता है। प्रदेश के शिक्षा विभाग ने कहा कि इन शिक्षकों की सफलता से अन्य शिक्षक भी प्रेरणा लेंगे।







