जनता का नहीं, अपराधियों का साथ निभा रही कांग्रेस: भाजपा का आरोप

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस अब जनता की सेवा और सुरक्षा के रास्ते से भटक चुकी है और अपराधियों की पनाहगाह बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा में हाल ही में हुए डकैती कांड में एनएसयूआई नगर अध्यक्ष जितेंद्र दिनकर की गिरफ्तारी इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस के अंदर अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।

डॉ. मार्कंडेय ने कहा कि जिस घर से हथियार बरामद हुए हैं, वह कांग्रेस के विधायक से जुड़ा हुआ है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस का चेहरा अब अपराध से जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का अपराधों में शामिल होना अब कोई नई बात नहीं रही। बलोदाबाजार हिंसा से लेकर अवैध रेत खनन, वसूली, और अब डकैती जैसे मामलों में कांग्रेस की संलिप्तता सामने आ चुकी है।

भाजपा नेता ने आगे कहा कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश में अपराधों में भारी इजाफा हुआ है। एनसीआरबी की रिपोर्ट भी इस बात की पुष्टि करती है कि कांग्रेस के कार्यकाल में अपराध के आंकड़े बढ़े हैं। डॉ. मार्कंडेय के अनुसार, जहां कहीं अपराध होता है, कांग्रेस वहीं नजर आती है — या तो वह अपराधियों को संरक्षण देती है या स्वयं अपराधों में लिप्त रहती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा अपराधियों को संरक्षण देकर जनता के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बनाया जा रहा है। कांग्रेस अब अपराधियों को शरण देकर, जनता को डराने की राजनीति कर रही है और बाद में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाकर सरकार पर हमले कर रही है।

डॉ. मार्कंडेय ने कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि जनता अब यह समझ चुकी है कि कांग्रेस जनता के साथ नहीं, बल्कि अपराधियों के साथ खड़ी है।

इस मौके पर भाजपा प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल भी उपस्थित रहीं और उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। भाजपा ने मांग की है कि कांग्रेस अपराधियों को संरक्षण देना बंद करे और जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता दे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment