धमतरी में बेकाबू कार ने मचाई तबाही: पैदल चल रहे युवक को घसीटते हुए ले गई, एक की मौत, पांच घायल; गुस्साए लोगों ने ड्राइवर को पकड़ा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भटगांव क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार इको कार गंगरेल की ओर से आ रही थी। जैसे ही कार भटगांव के पास ‘दीदी की रसोई’ नामक स्थान के समीप पहुंची, उसने सड़क पर चल रहे एक राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही कार चालक घबरा गया और उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। हादसे के बाद ड्राइवर ने रफ्तार और बढ़ा दी, जिससे कार और बेकाबू हो गई। इस दौरान उसने एक के बाद एक करीब पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें साइकिल और बाइक सवार भी शामिल थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार एक व्यक्ति को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गई।  युवक कार के नीचे फंसा हुआ था और कार तेज रफ्तार में आगे बढ़ रही थी। मौके पर एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत सक्रिय हुए। उन्होंने बेकाबू कार का पीछा किया जो गोकुलपुर के पास खेतों की ओर जा घुसी। गांववालों ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, कार को जब्त किया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने मामला रूढ़ी थाना क्षेत्र में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment