‘कांतारा चैप्टर 1’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होते ही धमाकेदार शुरुआत की है। ऋषभ शेट्टी की इस फिल्म ने पहले दिन ही कई रिकॉर्ड तोड़ दिए और दूसरे दिन भी इसका जादू बरकरार रहा। दशहरा की छुट्टियों का फायदा फिल्म को अच्छे दर्शक मिले, हालांकि दूसरे दिन कलेक्शन में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई।

‘कांतारा चैप्टर 1’ का दूसरे दिन का कलेक्शन
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर 32.86 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं पहले दिन फिल्म का कलेक्शन 61.85 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह से फिल्म ने अब तक कुल मिलाकर 94.71 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।

फिल्म की स्टारकास्ट और निर्देशन
‘कांतारा चैप्टर 1’ में ऋषभ शेट्टी मुख्य किरदार निभा रहे हैं, साथ ही वे इसके निर्देशक और लेखक भी हैं। फिल्म में उनके साथ गुलशन देवैया, रुक्मिणि वसंत और जयराम अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। इस फिल्म का निर्माण होमब्ले फिल्म्स ने किया है। खास बात यह है कि इसके अंत में तीसरे पार्ट का संकेत भी दिया गया है।

बजट और कमाई का हिसाब
खबरों के मुताबिक, ‘कांतारा चैप्टर 1’ का बजट लगभग 125 करोड़ रुपये है। पहले दिन फिल्म ने बजट के मुकाबले शानदार शुरुआत की। दूसरे दिन का कलेक्शन भी ठीक-ठाक है और यदि यही रफ्तार जारी रही तो यह फिल्म जल्द ही ब्लॉकबस्टर साबित होगी। खास बात यह है कि इसने दूसरे दिन भी इसी साल रिलीज हुई ‘गेम चेंजर’ और ‘ओजी’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया।
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
भारत के साथ-साथ विदेशों में भी ‘कांतारा चैप्टर 1’ की जबरदस्त कमाई हो रही है। पहले दिन फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 89 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया और कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।



