राजनांदगांव। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र की सीमा पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महतारी एक्सप्रेस से 16 पेटी अवैध शराब जब्त की है। यह कार्रवाई रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे छुरिया ब्लॉक के पड़रामटोला इलाके में की गई। पुलिस ने मौके से वाहन चालक इन्द्र कुमार उर्फ राहुल साहू (25) को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी महाराष्ट्र के खेड़ेपार से शराब लेकर कल्लूटोला पहुंचाने वाला था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे यह खेप नागेश कतलाम को सौंपनी थी और इसके एवज में 2,000 रुपये मिलने वाले थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह दूसरी बार शराब तस्करी कर रहा था। फिलहाल उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 के तहत केस दर्ज किया गया है।
GPS सिस्टम को दी चकमा
महतारी एक्सप्रेस वाहनों में मॉनिटरिंग के लिए जीपीएस डिवाइस लगे हुए हैं। इसके बावजूद आरोपी वाहन को महाराष्ट्र तक लेकर गया और शराब लाकर लौट आया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पोर्टल पर दर्ज इवेंट्स में भी फर्जीवाड़ा किया था। इस काम में उसे एक साथी ने मदद की थी। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है।
नेताओं ने जताई चिंता
शराब तस्करी का मामला सामने आने के बाद पूर्व विधायक छन्नी साहू और कांग्रेस प्रवक्ता राहुल तिवारी थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी से सवाल किए लेकिन जवाब न मिलने पर पूर्व विधायक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा – “सीधे सच बता दो, नहीं तो पुलिस की पूछताछ में सब सामने आ ही जाएगा।” उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महतारी एक्सप्रेस का इस तरह अपराध में इस्तेमाल होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
पुलिस जांच जारी
छुरिया थाना प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि जांच जारी है। शराब कहां से मंगाई गई और किसे सप्लाई होनी थी, इसका पूरा खुलासा किया जाएगा। पुलिस जल्द ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ने की तैयारी में है।







