छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत इन दिनों प्रदेश में काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे अलग-अलग जगहों का दौरा कर रहे हैं और कांग्रेस के स्थानीय नेताओं से मिल रहे हैं। ऐसे लग रहा है कि वे फिर से अपना गुट और राजनीतिक पकड़ मजबूत करना चाहते हैं।
उनके सक्रियता को देखकर राजनीतिक खेमे में चर्चा तेज हो गई है कि अब डॉ चरणदास महंत एक बार फिर अपना राजनीतिक वर्चस्व स्थापित करने की राह में है।
चर्चा है कि डॉ चरणदास महंत की अचानक विधायकों और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता किसी नए राजनीतिक समीकरण की ओर इशारा कर रही है। पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का लगातार दौरा चला फिर टीएस बाबा का दौरा और अब नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत का लगातार दौरा यह प्रदेश में किसी नए समीकरण की आहट है।

हाल ही में वे बालोद जिले के एक दिवसीय दौरे पर गए। वहां वे बालोद, डौंडीलोहरा और गुंडरदेही विधानसभाओं के विधायक के घर पहुंचे और उनसे सौजन्य मुलाकात की। चरणदास महंत ने कहा कि यह कोई राजनीतिक दौरा नहीं है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे आने वाले पीसीसीएफ चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

बालोद में उनके प्रवास के दौरान उन्होंने गुरूर में महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक संगीता सिन्हा व पूर्व विधायक भैयालाल सिन्हा से मुलाकात की। डौंडीलोहारा में उन्होंने पूर्व मंत्री व विधायक अनिला भेंडिया से भी सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत कर संगठन मजबूत करने और आम लोगों के मुद्दों पर चर्चा की।

राजनीतिज्ञों का मानना कि डॉ. चरणदास महंत अब प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का मन बना चुके हैं और राजनीतिक बिसात में अपना वर्चस्व स्थापित करने सक्रिय हो गए है।





