रोजाना मुनाफे का झांसा देकर 24 लाख की ठगी, बिलासपुर में सेमिनार के जरिए लोगों को बनाया शिकार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर। रोजाना मुनाफे का लालच देकर शहर के कई लोगों से 24 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने होटल में सेमिनार आयोजित कर निवेशकों को डिजिटल करेंसी में निवेश करने का झांसा दिया और मोटा मुनाफा देने का दावा किया। शुरुआत में कुछ दिनों तक उन्हें रोजाना एक प्रतिशत मुनाफा भी दिया गया, लेकिन बाद में साइट हैक होने की बात कहकर आरोपी फरार हो गए। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुआ धोखाधड़ी का खेल
शहर के मनीराम पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार यूट्यूब और अन्य साइट्स पर एक कंपनी की ओर से रोजाना 1% मुनाफे का विज्ञापन देखा। जब उन्होंने संपर्क किया तो जूम मीटिंग के जरिए उन्हें निवेश योजना समझाई गई।

कुछ दिनों बाद 24 जून को आरोपी सादाब अंसारी, जफर इमाम, गंगाधर कुमार, दिलेश्वर मुंडा, आकाश कुमार और शुभम सिंह बिलासपुर पहुंचे। होटल सेंट्रल पाइंट में सेमिनार कर उन्होंने निवेशकों को विश्वास दिलाया कि कंपनी डिजिटल करेंसी में निवेश करती है और प्रतिदिन एक प्रतिशत मुनाफा देती है। भरोसा जताने के बाद मनीराम और उनके साथियों ने करीब 24 लाख रुपये निवेश कर दिए।

हैकिंग का बहाना बनाकर भागे जालसाज
कुछ दिनों तक निवेशकों को रोज मुनाफा मिलता रहा, लेकिन अचानक भुगतान बंद हो गया। जब सवाल उठे तो कंपनी के प्रतिनिधियों ने साफ्टवेयर हैक होने का बहाना बनाकर निवेश डूबने की बात कही। इसके बाद सभी आरोपी अपने मकान और ठिकाने छोड़कर फरार हो गए।

सेमिनार के बहाने बढ़ रही ठगी
शहर के विभिन्न होटलों में आए दिन चिटफंड कंपनियां सेमिनार आयोजित कर लोगों को मोटे मुनाफे का सपना दिखाती हैं। शुरुआत में निवेशकों को छोटा-सा लाभ देकर उनका भरोसा जीता जाता है, फिर बड़ी रकम ऐंठकर जालसाज फरार हो जाते हैं। पुलिस पूछताछ के दौरान भी निवेशक कई बार खुद ही कंपनी का बचाव करते हैं, जिससे कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment