छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार बाइक सवार हमलावरों ने कसनिया मार्ग पर रहने वाले सिकंदर मेमन के घर को निशाना बनाया। देर रात जब परिवारजन सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने अचानक घर पर फायरिंग कर दी। बताया जाता है कि दो राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक शटर को भेदकर अंदर घुस गई, जबकि दूसरी गोली दरवाजे में जाकर धंस गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, इस हमले के पीछे यूपी से बुलाए गए शूटर का हाथ है। आरोपी को कथित तौर पर सुपारी देकर कटघोरा भेजा गया था। योजना पहले एक युवक तौफिक को निशाना बनाने की थी, लेकिन बाद में प्लान बदलकर उसके घर पर फायरिंग की गई, ताकि उसके परिजनों में डर का माहौल बनाया जा सके। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिद्धार्थ तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द इस गोलीकांड के पीछे की साजिश का खुलासा कर दिया जाएगा। वर्तमान में इलाके में शांति बनी हुई है, लेकिन लोग अब भी इस घटना से भयभीत हैं।



