पटना में राहुल गांधी-तेजस्वी यादव की बैठक, महागठबंधन में सीट बंटवारे पर जल्द सहमति संभव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी महागठबंधन को एकजुट करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक के बाद बुधवार शाम राहुल गांधी ने पटना के होटल चाणक्य में राजद नेता तेजस्वी यादव और महागठबंधन के अन्य नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

इस बैठक में सीट बंटवारे की अंतिम रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ चुनावी रणनीति और साझा एजेंडे पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस इस बार पिछली बार से ज्यादा सीटों की मांग कर रही है, जबकि राजद अपने परंपरागत इलाकों में समझौते के मूड में नहीं है। ऐसे में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की मौजूदगी में किसी ठोस सहमति तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

बैठक के बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। महागठबंधन को एकजुट संदेश देना कांग्रेस और सहयोगी दलों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

बैठक में कांग्रेस, राजद, वामदलों के साथ विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के शीर्ष नेता भी शामिल हुए। यहां सीट बंटवारे के साथ-साथ साझा चुनावी मुद्दे, प्रचार अभियान की रणनीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व एनडीए सरकार की नीतियों के खिलाफ संयुक्त आंदोलन जैसे पहलुओं पर भी बात हुई।

राहुल गांधी ने महागठबंधन के नेताओं से अपील की कि सभी दल व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर विपक्षी एकता को प्राथमिकता दें। यह बैठक न सिर्फ सीटों पर सहमति का रास्ता साफ कर सकती है बल्कि आगामी चुनाव में गठबंधन की ताकत और तालमेल की झलक भी पेश करेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment