उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा बयान: एनडीए में नीतीश कुमार ही रहेंगे मुख्यमंत्री चेहरा, बहुमत से बनेगी सरकार

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बिहार की सियासत में एनडीए के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही अटकलों पर अब राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि एनडीए का मुख्यमंत्री चेहरा नीतीश कुमार ही हैं और गठबंधन उनके ही नेतृत्व में बहुमत से सरकार बनाएगा।

एनडीए में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सियासी चर्चा पर कुशवाहा ने कहा, “हमलोगों में कोई मतभेद नहीं है। एनडीए पूरी मजबूती के साथ नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहा है। इस बार भी जनता का भरोसा हमें मिलेगा और बहुमत के साथ सरकार बनेगी।”

एनडीए में नहीं है कोई मतभेद:

नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि “एनडीए पूरी तरह एकजुट है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी साफ कहा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जा रहा है। गठबंधन के सभी घटक दल नीतीश कुमार के अनुभव और प्रशासनिक कुशलता पर भरोसा करते हैं।

अमित शाह ने कहा था – चुनाव के बाद विधायक दल तय करेगा नेता:

बता दें कि हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि “मैं कौन होता हूं किसी को मुख्यमंत्री बनाने वाला? चुनाव के बाद जब सभी दलों के विधायक बैठेंगे तो वे अपना नेता तय करेंगे।”

हालांकि, उन्होंने यह भी दोहराया कि एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रहा है और जनता को भी उन पर पूरा भरोसा है।

चिराग पासवान का भी बयान आया सामने:

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने भी इस मुद्दे पर कहा कि गृह मंत्री ने सामान्य प्रक्रिया की बात कही है। उन्होंने जोड़ा कि “हर चुनाव के बाद विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री तय किए जाते हैं। यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है और हम सभी को इसका सम्मान करना चाहिए।”

एनडीए के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर अब सभी दलों ने स्पष्ट कर दिया है कि नीतीश कुमार ही गठबंधन का चेहरा बने रहेंगे। एनडीए के नेता एकजुट हैं और बिहार में फिर से बहुमत की सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment