बिहार NDA सीट बंटवारा: जीतन राम मांझी को सिर्फ 6 सीटें, हम पार्टी फिर पिछड़ी, उपेंद्र कुशवाहा के बराबर ठहरी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

पटना।बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एनडीए (NDA) में सीट बंटवारे का ऐलान हो गया है। इस बंटवारे में जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को सिर्फ 6 सीटें दी गई हैं। यही संख्या उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) को भी मिली है।

मांझी के पास जहां चार विधायक और एक सांसद हैं, वहीं रालोमो के पास एक भी विधायक नहीं है। इसके बावजूद दोनों को बराबर सीटें मिलीं। यही वजह है कि राजनीतिक गलियारों में मांझी को ‘घाटा’ में बताया जा रहा है।

मांझी बोले – “आलाकमान का फैसला स्वीकार है”

दिल्ली से पटना लौटने के बाद पत्रकारों ने जब मांझी से सवाल किया तो उन्होंने कहा,

“लोकसभा चुनाव में हमें सिर्फ एक सीट मिली थी, तब भी हमने कोई आपत्ति नहीं जताई थी। इस बार छह सीटें मिली हैं, हम आलाकमान के निर्णय से पूरी तरह संतुष्ट हैं।”

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा –

“मैं जीतन राम मांझी, अपने अंतिम सांस तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ रहूंगा। बिहार में बहार होगी, नीतीश संग मोदी जी की सरकार होगी।”

तीसरे चुनाव में लगातार घटी सीटें

यह लगातार तीसरा विधानसभा चुनाव है जब ‘हम’ पार्टी की सीटें कम हुई हैं।

  • 2015 में पार्टी को 21 सीटें मिली थीं, जिनमें से सिर्फ एक पर जीत हुई।
  • 2020 में जदयू की एनडीए में वापसी के बाद ‘हम’ को सिर्फ 7 सीटें मिलीं, जिनमें से 4 पर जीत दर्ज की गई।
  • 2025 में अब पार्टी को मात्र 6 सीटें मिली हैं।

मांझी ने पहले दावा किया था कि उन्हें कम से कम 15 सीटें मिलनी चाहिए, ताकि पार्टी को राज्यस्तरीय दर्जा मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर 15 सीटें नहीं दी गईं तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगे — लेकिन अंततः समझौता करना पड़ा।

‘हम’ पार्टी की संभावित सीटें:

बाराचट्टी, टिकारी, इमामगंज, सिकंदरा, अतरी और कुटुम्बा को लेकर चर्चाएं हैं कि इन्हीं सीटों पर ‘हम’ के उम्मीदवार उतर सकते हैं।

हम की सीटों में गिरावट का ग्राफ:

  • 2015: 21 सीटें
  • 2020: 07 सीटें
  • 2025: 06 सीटें

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment