छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से 11 सितंबर 2025 को एक बेहद दर्दनाक और खौफनाक खबर सामने आई। जिले के खरिस्या थाना क्षेत्र के ग्राम हुसेकेला स्थित राजीव नगर मोहल्ले में रहने वाले बुधराम उरांव परिवार की निर्मम हत्या कर दी गई। इस परिवार में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल थे। चारों लोगों की हत्या कर शवों को घर के अंदर गड्ढा खोदकर दफना दिया गया था।
पिछले तीन दिनों से बंद पड़े इस मकान से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची और मकान को खुलवाया, तो अंदर का दृश्य देखकर हर किसी की रूह कांप गई। घर में जगह-जगह खून के छींटे थे और जमीन खोदने पर शव बरामद हुए। शवों की पहचान बुधराम उरांव, उनकी पत्नी सोहद्रा, बेटे अरविंद और बेटी शिवांगी उरांव के रूप में की गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार के चारों सदस्यों की हत्या कुल्हाड़ी और रॉड से बेरहमी से मारकर की गई होगी। इसके बाद एक ही गड्ढे में चारों शवों को दफना दिया गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
यह वारदात पूरे क्षेत्र में सनसनी का विषय बनी हुई है। आखिर एक ही परिवार की इतनी बेरहमी से हत्या किसने और क्यों की, यह अब तक रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है, ताकि इस जघन्य अपराध का जल्द खुलासा हो सके।







