हाई-प्रोफाइल कनेक्शन का खुलासा, नेता पुत्र और तुर्किए ट्रिप से बढ़ा बवाल

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।राजधानी रायपुर के बहुचर्चित एमडीएमए ड्रग्स रैकेट में हाई-प्रोफाइल कनेक्शन सामने आने लगे हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी नव्या मलिक, विधि अग्रवाल, ऋषि राज टंडन, हर्ष आहूजा और मोनू विश्नोई को कोर्ट में पेश करने के बाद 15 सितंबर तक जेल भेज दिया है। पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं, जिसके आधार पर पुलिस की स्पेशल टीम इंटरनेशनल कनेक्शन तक जांच बढ़ा रही है।

विदेश यात्राओं पर संदेह

जांच में सामने आया है कि नव्या, विधि और ऋषि राज कई बार विदेश यात्रा कर चुके हैं। आरोपियों ने इन्हें कारोबार से जुड़ा बताया, लेकिन पुलिस को शक है कि इन यात्राओं का संबंध इंटरनेशनल ड्रग्स नेटवर्क से हो सकता है। पुलिस उनके मोबाइल और डिजिटल डाटा की गहन जांच कर रही है।

ई-वेस्ट बिजनेस से ड्रग्स कनेक्शन

ऋषि राज टंडन, जो पेशे से ई-वेस्ट मैनेजमेंट का काम करता था, मुंबई में रहते हुए नव्या के संपर्क में आया। पुलिस का कहना है कि वह ग्राहकों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था और बदले में कमीशन लेता था। रायपुर में ग्राहकों की लिस्ट भी उसी ने दी थी।

नेता पुत्र और तुर्किए ट्रिप पर जांच

सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब पता चला कि नव्या मलिक राजधानी के एक प्रभावशाली नेता के बेटे के साथ तुर्किए यात्रा पर गई थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इस यात्रा का संबंध ड्रग्स नेटवर्क से है। हाई-प्रोफाइल कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव और बढ़ गया है।

EOW और ACB की टीम भी जांच में शामिल

ड्रग्स रैकेट की गहराई तक पहुंचने के लिए क्राइम ब्रांच के साथ-साथ EOW और ACB की टीम भी जांच में जुटी है। पुलिस की संयुक्त टीम दूसरे राज्यों में भी छापे मारने की तैयारी कर रही है।

ड्रग्स नेटवर्क के मुख्य चेहरे

  • अयान परवेज: मास्टरमाइंड, मुंबई और दिल्ली से ड्रग्स मंगाकर रायपुर में सप्लाई करवाता था।
  • नव्या मलिक: इंटीरियर डिजाइनर, क्लब और पब के जरिए ड्रग्स सप्लाई करती थी। अयान उसका बॉयफ्रेंड है।
  • विधि अग्रवाल: इवेंट मैनेजमेंट में जुड़ी, ड्रग्स डिलीवरी नेटवर्क संभालती थी।
  • हर्ष आहूजा: रायपुर में क्लब-पब में ड्रग्स सप्लाई का जिम्मा देखता था।
  • ऋषि राज टंडन: ग्राहक और कस्टमर की लिस्ट उपलब्ध करवाता था, कई बार विदेश भी जा चुका है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment