गोदावरी नदी उफान पर, बीजापुर-हैदराबाद नेशनल हाईवे 163 जलमग्न, यातायात ठप

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बीजापुर। बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गोदावरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर स्थित टेकलगुड़म नाला उफान पर है। नाले पर लगभग चार फीट पानी बहने से बीजापुर से हैदराबाद को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे-163 पिछले 24 घंटे से पूरी तरह बंद है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पानी का बहाव खतरनाक स्तर पर बना हुआ है, जिसके चलते भोपालपटनम-तारलागुड़ा और एटूनगरम-हैदराबाद मार्ग भी बाधित हो गए हैं। मार्ग बंद होने की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन चालक और यात्री रातभर सड़क किनारे फंसे रहे।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि गोदावरी नदी का जलस्तर लगातार ऊँचाई पर है और निकट भविष्य में इसके घटने की संभावना नहीं दिख रही। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, लेकिन पानी का बहाव कम हुए बिना यातायात बहाल करना संभव नहीं है। यात्रियों को फिलहाल वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बस्तर संभाग में हो रही मूसलधार बारिश से कई गांवों का संपर्क मुख्यालयों से कट गया है। दंतेवाड़ा जिले में भी बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गोदावरी नदी के बढ़ते जलस्तर और हाईवे-163 के बंद होने से आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment