गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
राज्य सरकार द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त निगरानी कर रहा है। अवैध भंडारण, गैरकानूनी परिवहन और अमानक धान को उपार्जन केंद्रों में खपाने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से संयुक्त जांच दल द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला स्तरीय संयुक्त जांच टीम ने तीन अलग-अलग मामलों में कुल 204 क्विंटल धान जब्त कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जांच के दौरान ग्राम अंजनी के समीप मध्यप्रदेश से अवैध रूप से धान ला रहे दो पिकअप वाहनों को रोका गया। इन वाहनों से लगभग 52 क्विंटल धान बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 61 हजार रुपये बताई गई है। जब्त धान और दोनों वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना गौरेला को सौंप दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, धान खरीदी केंद्र कोड़गार में अमारु निवासी एक किसान के नाम पर व्यापारी द्वारा 108 क्विंटल धान खपाने का प्रयास उजागर हुआ। जांच में धान की गुणवत्ता भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, जिसके चलते धान को जब्त कर खरीदी केंद्र प्रभारी के सुपुर्द किया गया।
वहीं धान खरीदी केंद्र चंगेरी में निरीक्षण के दौरान एक किसान द्वारा विभिन्न किस्मों के मिक्स और डंक लगे करीब 110 कट्टे, लगभग 44 क्विंटल धान पाए गए। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए उक्त धान को भी जब्त कर लिया गया।
यह पूरी कार्रवाई निरीक्षण दल के जिला नोडल अधिकारी शेष नारायण जायसवाल के नेतृत्व में की गई। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।







