महासमुंद।थाना बसना क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने और ब्लैकमेलिंग कर लगभग 4 लाख रुपये की अवैध वसूली के गंभीर मामले में बसना पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस प्रकरण में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर चुकी है।
पुलिस अधीक्षक, जिला महासमुंद के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को थाना बसना में अपराध दर्ज किया गया। मामले में आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और उसके अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया। इस दबाव में पीड़िता से करीब 4 लाख रुपये की अवैध वसूली की गई।
विवेचना में पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल फोन जप्त करते हुए 14 अक्टूबर 2026 को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों में वकाश दयाला (25), मोहम्मद उमर खान (40), ठाकुर राम साहू (28), अब्दुल सलाम मुसानी (26) और अनिश दयाला शामिल हैं। अनिश दयाला पर मुख्य आरोपी को फरार होने में मदद करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत वर्ष 2021-22 में हुई थी। उस समय दो मुख्य आरोपी 18 वर्ष से कम उम्र के थे, लेकिन बालिग होने के बाद भी वे वर्ष 2026 तक अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता का शोषण और ब्लैकमेलिंग करते रहे। इस दौरान उन पर लगातार अवैध वसूली करने का आरोप है।
फरार चल रहे 22 वर्षीय मुख्य आरोपी की पुलिस ने लगातार पतासाजी की और 18 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया है। इसके अलावा, मुख्य आरोपी को फरार रहने में सहायता करने के आरोप में उसके पिता अनिश दयाला के विरुद्ध धारा 249(ए) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
प्रकरण अपराध क्रमांक 572/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की विवेचना जारी है और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






