दुर्ग।महिला थाना दुर्ग की पुलिस ने बच्चों की तस्करी में शामिल गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ा खुलासा किया है। 9 माह के मासूम को मां की गोद से छीनकर 7 लाख रुपये में बेचने वाले गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मासूम को सुरक्षित बरामद कर मां को सौंप दिया है।
कोण्डागांव से पटना तक रची गई साजिश
20 जून को पीड़िता को उसके रिश्तेदार बहला-फुसलाकर कोरगांव (कोण्डागांव) से पटना ले गए। वहां किराए के मकान में रखा गया। 8 जुलाई को छत्तीसगढ़ लौटते समय आरा और दानापुर स्टेशन के बीच आरोपियों ने बच्चे को जबरन मां की गोद से छीन लिया और फरार हो गए।
भिलाई में दर्ज हुआ केस, बनी दो टीमें
पीड़िता किसी तरह दुर्ग पहुंची और महिला थाना सेक्टर-6 भिलाई में केस दर्ज कराया।
- पहली टीम ने कोरगांव से संगनी बाई को पकड़ा।
- दूसरी टीम पटना रवाना हुई और छापेमारी कर संतोष पाल, प्रदीप कुमार, डॉ. बादल उर्फ मिथलेश और गौरी महतो को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने इनके कब्जे से बच्चा बरामद किया।
7 लाख रुपये में हुआ था सौदा
जांच में खुलासा हुआ कि मासूम का सौदा 7 लाख रुपये में बिहार में किया गया था। गिरोह ने पूरे षड्यंत्र के तहत योजना बनाई थी। मासूम की मां को इस सौदे की कोई जानकारी नहीं थी।



