पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम का खराब फॉर्म लगातार सुर्खियों में है। 2023 के बाद से उनके बल्ले से कोई शतक नहीं निकला है। कभी उनकी तुलना भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली से की जाती थी, लेकिन अब यही तुलना उनके लिए दबाव का कारण बन गई है।
हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ समाप्त हुई वनडे सीरीज में बाबर का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। तीन मैचों में उन्होंने सिर्फ 56 रन बनाए और पाकिस्तान को 2-1 से सीरीज गंवानी पड़ी।
अहमद शहजाद का बयान:
पाकिस्तानी बल्लेबाज अहमद शहजाद ने जियोसुपर पर बातचीत में कहा कि विराट कोहली से तुलना बाबर आजम के प्रदर्शन को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा, “जब सबकुछ अच्छा चल रहा था, तब तुलना की जाती रही, अब जब प्रदर्शन गिरा है तो कहा जा रहा है कि तुलना न करें। विराट कोहली की तुलना दुनिया में किसी से नहीं की जा सकती। वह इस पीढ़ी के लीजेंड और क्रिकेट के आदर्श हैं। यहां तक कि एमएस धोनी से भी उनकी तुलना उचित नहीं है। किसी भी खिलाड़ी की किसी से तुलना करना अनुचित है, क्योंकि इससे मानसिक दबाव बढ़ता है, जो बाबर आजम पर साफ दिख रहा है।”
2023 में आया था आखिरी शतक:
बाबर आजम ने आखिरी बार एशिया कप 2023 में नेपाल के खिलाफ 151 रनों की पारी खेली थी। तब से उन्होंने सभी प्रारूपों में 72 पारियों में 2139 रन बनाए हैं, औसत 31.45 रहा है और इस दौरान 18 अर्धशतक लगाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक के बाद से 25 पारियों में सिर्फ 590 रन (औसत 23.60) ही बना पाए हैं।







