मुंबई: एनिमेटेड धार्मिक फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन 20वें दिन भी जारी है। बुधवार को रिलीज के तीन हफ्ते पूरे करने के बाद भी इस फिल्म की कमाई में गिरावट नहीं आई है और यह तेजी से 200 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रही है।

20वें दिन का कलेक्शन
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार (20वें दिन) ‘महावतार नरसिम्हा’ ने 3.12 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जिससे इसका कुल कलेक्शन 184.12 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। महज 4 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लागत का कई गुना मुनाफा कमा लिया है और उम्मीद है कि यह कुछ ही दिनों में 200 करोड़ का आंकड़ा छू लेगी।

‘सैयारा’ को पछाड़ा
कमाई के मामले में ‘महावतार नरसिम्हा’ ने रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’ को भी पछाड़ दिया है। जहां ‘सैयारा’ ने अपने 27वें दिन मात्र 96 लाख रुपये कमाए, वहीं ‘महावतार नरसिम्हा’ ने उसी दिन 3 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर बाजी मार ली।

दर्शकों को क्यों भा रही है फिल्म
यह फिल्म भगवान विष्णु के चौथे अवतार नरसिंह भगवान और भक्त प्रह्लाद की कहानी पर आधारित है। भले ही यह एनिमेटेड वर्जन में बनी हो, लेकिन दमदार एक्शन सीक्वेंस, भावुक कहानी और शानदार म्यूजिक ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म आस्था, भक्ति और अच्छाई की जीत का संदेश देती है, जो दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है।

आगे आएंगे और पार्ट्स
फिल्म निर्माताओं ने इस धार्मिक सीरीज को आगे बढ़ाने का ऐलान किया है। साल 2027 से 2037 के बीच इस फ्रेंचाइजी में भगवान विष्णु के 10 अवतारों पर आधारित कई फिल्में रिलीज की जाएंगी।







