छत्तीसगढ़ में ‘वोट चोरी’ पर सियासी घमासान: भूपेश बघेल के आरोप, अजय चंद्राकर की पलटवार मांग

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर: देशभर में गरमाए ‘वोट चोरी’ विवाद ने अब छत्तीसगढ़ में भी सियासी रंग ले लिया है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया है कि कुरूद विधानसभा में 250 फर्जी मतदाता पाए गए हैं। यह मुद्दा उस समय और गरमा गया जब बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन विरोध कर रहा है और कांग्रेस ने भाजपा पर चुनावी धांधली के आरोप लगाए हैं।

बघेल के आरोपों पर कुरूद के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए कहा कि यदि गड़बड़ी है तो बिहार की तरह पूरे छत्तीसगढ़ की मतदाता सूची का पुनर्निरीक्षण होना चाहिए। उन्होंने बघेल से भी इस मांग का समर्थन करने को कहा और कांग्रेस पर संगठनात्मक कमजोरी का आरोप लगाया।

अजय चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस बिहार में अधिकांश बूथों पर अपने बूथ लेवल एजेंट (BLO) तक नियुक्त नहीं कर पाई, क्योंकि पार्टी की संगठनात्मक क्षमता खत्म हो चुकी है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग में शपथ पत्र देकर जवाबदेही तय करे और वैधानिक प्रक्रिया का पालन करे।

इस बीच, केंद्रीय राज्यमंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने राहुल गांधी को ‘फर्जी गांधी’ करार दिया। इसके जवाब में भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए पूछा कि तोखन साहू सीधे सवालों का जवाब क्यों नहीं दे रहे।

कांग्रेस ने “वोट की चोरी, लोकतंत्र तबाह” नामक डिजिटल अभियान भी शुरू किया है। पार्टी का दावा है कि देश की 25 लोकसभा सीटों पर भाजपा 33 हजार से कम वोटों से जीती है। सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो और हैशटैग के जरिए कांग्रेस मतदाताओं के बीच संदेश फैला रही है कि लोकतंत्र खतरे में है।

लोकसभा 2024 के नतीजों में छत्तीसगढ़ की 11 में से 10 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। सबसे छोटी जीत कांकेर में 1,884 वोटों से और सबसे बड़ी जीत रायपुर में 5,75,285 वोटों से हुई थी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment