छत्तीसगढ़ BJP का सदस्यता अभियान बना रिकॉर्ड, 60 लाख से अधिक नए सदस्य, सीएम ने कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने अपने ‘संगठन महापर्व सदस्यता अभियान’ के तहत नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 60 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्यों और 65 हजार से ज्यादा सक्रिय सदस्यों को जोड़कर राज्य इकाई ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को नई ऊंचाई दी है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री निवास नवा रायपुर में सम्मान समारोह का आयोजन हुआ, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और संगठन की इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई दी।

CM साय बोले – संगठन की ताकत से लिख रहे सफलता की नई इबारत

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह गौरव का क्षण है, जब पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से छत्तीसगढ़ भाजपा ने राष्ट्रीय पटल पर मजबूत उपस्थिति दर्ज की है। उन्होंने कहा कि अब सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं को संदेश – संगठन ही सर्वोपरि

प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान को जनांदोलन बना दिया। उन्होंने कहा कि पिछले चार चुनावों में भाजपा को जनसमर्थन मिला है, और अब संगठन विस्तार की दिशा में भी बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इसी जोश और समर्पण के साथ आगामी चुनावों के लिए जुट जाएं।

अजय जम्वाल का दावा – अगली बार दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि संघटनात्मक मेहनत ही भाजपा की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पार्टी का प्रदर्शन अब तक का सर्वश्रेष्ठ रहा है, और अगली बार दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाने का संकल्प भी पार्टी ने लिया है।

86 दिनों में जोड़े गए 60 लाख सदस्य, महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय

सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव ने बताया कि कुल 86 दिनों के भीतर 60 लाख से अधिक सदस्य जोड़े गए, जिनमें 40 लाख ऑनलाइन और 20 लाख ऑफलाइन जुड़ाव हुआ।
सदस्यों का सामाजिक वर्गीकरण इस प्रकार रहा:

  • ओबीसी वर्ग – 54%
  • सामान्य वर्ग – 18%
  • अनुसूचित जनजाति – 18%
  • अनुसूचित जाति – 9%
  • महिलाएं – 20%, पुरुष – 80%

हजारों कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से हुआ स्वागत

कार्यक्रम के अंत में एक हजार से लेकर 20 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने वाले प्रमुख कार्यकर्ताओं को मंच पर सम्मानित किया गया। इसके बाद अतिथियों और कार्यकर्ताओं को छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन – ठेठरी, खुरमी, चीला, फरा, बरा आदि परोसे गए।

मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान की अभूतपूर्व सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यही समर्पण और संगठन शक्ति पार्टी को राज्य और केंद्र में स्थायी नेतृत्व प्रदान करेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment