ऋषभ शेट्टी की नई फिल्म का ऐलान: कांतारा 2 से पहले योद्धा अवतार में दिखेंगे अभिनेता

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

साउथ इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने ‘कांतारा चैप्टर 1’ की रिलीज से पहले अपनी अगली बड़ी फिल्म का एलान कर दिया है। इस फिल्म में वह एक दमदार योद्धा की भूमिका निभाते नजर आएंगे। 30 जुलाई को फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

यह फिल्म एक ऐतिहासिक-एक्शन ड्रामा होगी, जिसका निर्देशन ‘बाहुबली’ फेम असिस्टेंट डायरेक्टर अश्विन गंगाराजू कर रहे हैं। फिल्म का नाम फिलहाल गुप्त रखा गया है, लेकिन इसके पोस्टर में ऋषभ शेट्टी एक रहस्यमयी योद्धा के रूप में दिख रहे हैं, जिनके चेहरे पर कपड़ा है और पीठ पर दो तलवारें टंगी हुई हैं। वहीं, बैकग्राउंड में हजारों सैनिक युद्ध के लिए तैयार दिखाई देते हैं, जिनके सामने तोपें और बंदूकें भी हैं।

पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा: “सभी विद्रोही युद्ध में नहीं गढ़े जाते। कुछ को भाग्य चुनता है। यह एक ऐसे विद्रोही की कहानी है।” इसके साथ ही मेकर्स ने बताया कि यह सितारा एंटरटेनमेंट बैनर की 36वीं फिल्म होगी, और वे ऋषभ शेट्टी को इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनाकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

तेलुगु और कन्नड़ में होगी शूटिंग
फिल्म को तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में एक साथ शूट किया जाएगा और इसे बाद में हिंदी, तमिल और मलयालम सहित कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। इस फिल्म की कहानी 18वीं सदी के बंगाल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है।

ऋषभ शेट्टी का वर्कफ्रंट
इस समय ऋषभ शेट्टी अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ की तैयारियों में जुटे हैं, जो 2 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म का निर्देशन खुद ऋषभ शेट्टी कर रहे हैं और इसका निर्माण विजय किरागांदुर कर रहे हैं, जिसे होमबेल फिल्म्स का सहयोग प्राप्त है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment