नई दिल्ली।71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स 2025 का एलान कभी भी किया जा सकता है और बॉलीवुड गलियारों में इसको लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। इस बार रानी मुखर्जी और विक्रांत मैसी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अभिनेत्री के पुरस्कार का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। रानी की फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ और विक्रांत की ’12वीं फेल’ ने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि समीक्षकों से भी सराहना पाई।
कोविड के कारण पिछड़ा शेड्यूल, अब 2023 की फिल्मों को मिलेगा सम्मान
पिछले कुछ वर्षों में कोविड महामारी के चलते नेशनल अवॉर्ड्स के शेड्यूल में बदलाव आया। वर्ष 2024 में उन फिल्मों को सम्मानित किया गया जो 2022 में रिलीज हुई थीं। अब 2025 में, 2023 में रिलीज हुई फिल्मों को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से नवाजा जाएगा।
रानी और विक्रांत पर टिकी निगाहें
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अगले 48 घंटों में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा हो सकती है। माना जा रहा है कि इस बार रानी मुखर्जी को ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ में दमदार परफॉर्मेंस के लिए बेस्ट एक्ट्रेस और विक्रांत मैसी को ’12वीं फेल’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिल सकता है।
कॅरियर की सबसे बड़ी जीत बन सकती है यह उपलब्धि
रानी मुखर्जी, जो पिछले ढाई दशक से बॉलीवुड का हिस्सा रही हैं, अब तक नेशनल अवॉर्ड से वंचित रही हैं। अगर उन्हें इस बार पुरस्कार मिलता है तो यह उनके करियर की एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। वहीं, विक्रांत मैसी ने ’12वीं फेल’ में अपनी अदाकारी से सभी को हैरान कर दिया। यह सम्मान उन्हें मुख्यधारा के शीर्ष कलाकारों में शुमार कर सकता है।
अब सभी को है इंतजार आधिकारिक घोषणा का
भले ही अभी तक आधिकारिक एलान नहीं हुआ है, लेकिन फैंस और फिल्म इंडस्ट्री दोनों को ही 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की घोषणा का बेसब्री से इंतजार है। अगर रानी और विक्रांत को यह सम्मान मिलता है, तो यह साल उनके लिए यादगार बन जाएगा।



