मुंबई।बॉलीवुड एक्टर फरहान अख्तर इन दिनों अपनी अपकमिंग वॉर ड्रामा फिल्म ‘120 बहादुर’ को लेकर सुर्खियों में हैं। यह फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित है, जिसमें मेजर शैतान सिंह भाटी की वीरता को फिल्माया गया है।
माइनस 10 डिग्री में हुई शूटिंग
फिल्म को यथार्थ के बेहद करीब रखने के लिए इसकी शूटिंग लद्दाख की ऊंची बर्फीली पहाड़ियों में की गई, जहां तापमान -10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। सूत्रों के मुताबिक, कई दृश्य 14 हजार फीट की ऊंचाई पर शूट किए गए, जहां ऑक्सीजन की भी भारी कमी थी।
वीरता की बेमिसाल दास्तान
‘120 बहादुर’ में दिखाया गया है कि कैसे सिर्फ 120 भारतीय सैनिकों ने हजारों चीनी सैनिकों का मुकाबला किया और मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में देश की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति दी। यह युद्ध आज भी भारतीय सेना के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज है।
फरहान का दमदार ट्रांसफॉर्मेशन
फरहान अख्तर ने इस किरदार के लिए जबरदस्त शारीरिक और मानसिक ट्रेनिंग ली। उन्होंने हाई एल्टीट्यूड पर रहने, सैन्य ट्रेनिंग, हथियारों की समझ और सैनिकों की सोच को आत्मसात करने में महीनों की मेहनत की है।
डायरेक्शन और रिलीज डेट
फिल्म का निर्देशन रजनीश घई ने किया है जबकि प्रोडक्शन की कमान फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी और अमित चंद्रा ने संभाली है। यह फिल्म 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म ‘उरी’ और ‘बॉर्डर’ जैसी क्लासिक वॉर फिल्मों की कतार में अपनी जगह बनाएगी।



