भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर टेस्ट में ऋषभ पंत ने न केवल जुझारूपन दिखाया, बल्कि इतिहास रचने की ओर भी कदम बढ़ा दिए। पैर की अंगुली में गंभीर चोट के बावजूद मैदान पर डटे पंत ने 75 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 54 रनों की शानदार पारी खेली। जब वह 37 रन पर थे, तब एक तेज गेंद उनकी अंगुली पर लगी और खून बहता दिखा। इसके बावजूद वह स्कैन के बाद दोबारा मैदान पर उतरे और टीम को 350 रन के पार पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
पंत ने इस पारी में दो छक्के जड़कर रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया और वीरेंद्र सहवाग की बराबरी कर ली। अब टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के (90) लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में पंत और सहवाग संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

अगर पंत दूसरी पारी में एक और छक्का लगाते हैं, तो वह 93 साल के भारतीय टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के (91) लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड उन्हें विश्व स्तर पर भी टॉप खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर देगा।
अब तक टेस्ट क्रिकेट में केवल छह खिलाड़ी ही 91 या उससे ज्यादा छक्के लगाने में सफल रहे हैं। पंत के नाम 82 पारियों में 90 छक्के हैं, जबकि सहवाग ने इसके लिए 174 पारियां खेलीं। इससे पंत की आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाज़ भी साफ होता है।

टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी:
| खिलाड़ी | पारियां | छक्के |
|---|---|---|
| बेन स्टोक्स (ENG) | 205 | 133 |
| ब्रेंडन मैकुलम (NZ) | 176 | 107 |
| एडम गिलक्रिस्ट (AUS) | 137 | 100 |
| क्रिस गेल (WI) | 182 | 98 |
| टिम साउदी (NZ) | 156 | 98 |
| जैक्स कैलिस (SA) | 278 | 96 |
| एंजेलो मैथ्यूज (SL) | 212 | 90 |
| ऋषभ पंत (IND) | 82 | 90 |
| वीरेंद्र सहवाग (IND) | 178 | 90 |
| ब्रायन लारा (WI) | 230 | 88 |
| रोहित शर्मा (IND) | 116 | 88 |







