इज़रायल यात्रा: एक अविस्मरणीय और महत्वपूर्ण अनुभव – महापौर मीनल चौबे

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर – नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने हाल ही में संपन्न हुई इज़रायल यात्रा को “अविस्मरणीय और महत्वपूर्ण अनुभव” बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल भौगोलिक दूरी तय करने का नहीं, बल्कि तकनीकी नवाचार, मानवीय लचीलापन और सांस्कृतिक समृद्धि को करीब से जानने का अवसर था।

महापौर चौबे ने कहा, “यह एक साहसिक निर्णय था, खासकर मौजूदा युद्ध के माहौल में। लेकिन इस यात्रा ने मुझे ज़मीनी सच्चाई को देखने-समझने का एक अनमोल मौका दिया।”

तकनीकी नवाचार से प्रेरणा

इस यात्रा में उन्होंने म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन और म्युनि एक्सपो में प्रदर्शित उच्च तकनीकी मशीनों और स्मार्ट नगर प्रबंधन प्रणाली को देखा। उन्होंने बताया, “इज़रायल की तकनीकी श्रेष्ठता देखकर मैं चकित थी। यह अनुभव दर्शाता है कि नवाचार को किस तरह शहरी जीवन और सुरक्षा से जोड़ा जा सकता है।”

नेताओं से संवाद और सीख

महापौर को इज़रायल के माननीय प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने का अवसर मिला। इसके अलावा विदेश मंत्री, अमेरिकी राजदूत और स्थानीय सरकार के प्रतिनिधियों से आपातकालीन प्रक्रिया और सामुदायिक विकास के बारे में भी जानने को मिला। उन्होंने कहा, “यह प्रेरणादायक था कि कैसे युद्ध जैसे हालात में भी वे नागरिकों के जीवन को सामान्य बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं।”

इतिहास और मानवीय संवेदना का अनुभव

यात्रा के दौरान महापौर ने ऐतिहासिक शहर यरुशलम का भ्रमण किया और होलोकास्ट म्यूजियम का दौरा किया। उन्होंने 7 अक्टूबर 2023 के आतंकी हमले के अवशेषों को देखा और पीड़ित परिवारों से संवाद भी किया। इस पर उन्होंने कहा, “यह अनुभव हृदयविदारक था, लेकिन इसने जीवन के प्रति मेरी संवेदनशीलता को और गहरा कर दिया।”

भारतीय समुदाय से जुड़ाव और सहयोग

इज़रायल में रहने वाले भारतीयों से बातचीत कर उनके अनुभवों और चुनौतियों को समझा। डेड सी की यात्रा को उन्होंने “एक शांत और अद्वितीय अनुभव” बताया, जो इस व्यस्त यात्रा में एक संतुलन का क्षण था।

सरकारी सहयोग और धन्यवाद

महापौर ने भारत सरकार, इज़रायल स्थित भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय का विशेष आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री से ब्रीफिंग से लेकर भारतीय राजदूत जे.पी. सिंह और प्रशिक्षु आईएफएस मोहित व आराधिका का सहयोग अतुलनीय रहा। उन्होंने कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर सारा लिओस्की और आयोजक इज़रायल दूतावास को सफल प्रबंधन के लिए बधाई दी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा, “आपके दूरदर्शी नेतृत्व में ऐसे अंतरराष्ट्रीय अवसर भारतीय प्रतिनिधियों के लिए सुलभ हो पाए हैं।” इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के सहयोग का भी उल्लेख किया।

जनता का आभार

महापौर ने रायपुर की जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा, “आपके कारण मुझे छत्तीसगढ़ और भारतीयता का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला। चुनौतियाँ अनेक हैं, पर आपकी आस्था ही मेरी ताकत है। मैं सोमवार से पुनः जनता के लिए उपलब्ध रहूंगी।”

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment