वडोदरा (गुजरात): गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर तीर्थयात्रा के लिए निकलीं सोनमबेन पडियार (46) ने कभी नहीं सोचा था कि यह यात्रा उनके लिए जीवन की सबसे दर्दनाक स्मृति बन जाएगी। महिसागर नदी पर स्थित चार दशक पुराने गंभीरा पुल के ध्वस्त होने से उनकी गाड़ी नदी में समा गई और पूरा परिवार देखते ही देखते पानी में डूब गया। गाड़ी के पिछले हिस्से में बैठी सोनमबेन किसी तरह बच गईं, लेकिन अपनों को न बचा पाने का दर्द उन्हें भीतर से तोड़ गया।
“मैं सबको डूबते हुए देखती रही” – सोनमबेन की आंखों से बहता दर्द
इस हादसे में सोनमबेन के पति, बेटा-बेटी, दामाद और दो नन्हे पोते-पोतियां सब कुछ कुछ ही पल में बिछड़ गए। वह गाड़ी में सबसे पीछे बैठी थीं और इसी वजह से वह जीवित रहीं, लेकिन अपनों को खो देने का यह घाव हमेशा ताजा रहेगा।
हादसे का चश्मदीद: “सड़क जैसे हिली और सब कुछ खत्म हो गया”
रात की ड्यूटी से लौट रहे दिलीप सिंह ने बताया कि पुल पार करते समय अचानक कंपन हुआ और देखते ही देखते पूरी संरचना ध्वस्त हो गई। वह नदी में जा गिरे और किसी तरह एक लोहे की छड़ पकड़कर अपनी जान बचाई।
गंभीरा पुल का 15 मीटर स्लैब गिरा, छह वाहन नदी में गिरे
घटना में एक ही परिवार के छह सदस्यों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस पुल की मरम्मत पिछले साल ही की गई थी, लेकिन हादसे ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरकारी तंत्र हरकत में, जांच के आदेश
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विशेषज्ञ इंजीनियरों को जांच के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं।
मंत्री ऋषिकेश पटेल के अनुसार, पुल 1985 में बना था और इसकी नियमित देखरेख होती रही थी। हालांकि, हादसे के सटीक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही होगा।
पीएम मोदी व राष्ट्रपति ने जताया शोक, मुआवज़े की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख और घायलों को 50,000 रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अलग से 4-4 लाख रुपये मृतकों के परिजनों को देने की घोषणा की है।







