रणबीर कपूर की आने वाली पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ के पहले लुक ने जहां फैंस को उत्साहित कर दिया है, वहीं कुछ लोगों ने भगवान राम के किरदार में रणबीर की कास्टिंग पर आपत्ति जताई है। निर्देशक नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस मेगा प्रोजेक्ट में रणबीर भगवान श्रीराम के रूप में दिखाई देंगे। हालांकि, जैसे ही पोस्टर सामने आया, सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई।
यूजर्स ने उठाए सवाल, चिन्मयी ने किया पलटवार
एक्स (पूर्व ट्विटर) पर कई यूजर्स ने रणबीर कपूर के पुराने बयानों और खानपान को लेकर आपत्ति जताई। एक यूजर ने लिखा, “जो बीफ खाता है, वो अब भगवान राम का किरदार निभाएगा?” इस पर मशहूर गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने तीखा जवाब देते हुए कहा, “जो लोग भगवान का नाम लेकर अपराध करते हैं, उन्हें समाज में जगह मिलती है, लेकिन किसी के खाने को लेकर इतना हंगामा क्यों?”
सिंगर को भी किया गया ट्रोल
चिन्मयी की टिप्पणी पर कुछ लोग नाराज हो गए और उन्हें इस विवाद से दूर रहने की सलाह देने लगे। हालांकि, चिन्मयी ने हर कमेंट का बेझिझक जवाब देते हुए रणबीर का समर्थन जारी रखा।
‘रामायण’ की रिलीज डेट और कास्ट
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज की जाएगी। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, सई पल्लवी माता सीता, सनी देओल हनुमान और यश रावण की भूमिका निभाएंगे।







