अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के समूह क्वाड ने 22 अप्रैल, 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की सख्त शब्दों में निंदा करते हुए एक कड़ा संयुक्त बयान जारी किया। इस हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई, जिनमें से 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक शामिल थे।

क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों ने सभी संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों से इस घिनौने हमले के दोषियों, साजिशकर्ताओं और आर्थिक सहायता देने वालों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलवाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की अपील की है।
बयान में यह भी कहा गया कि, “क्वाड सीमाओं के पार से होने वाले आतंकवाद और हिंसक गतिविधियों की स्पष्ट रूप से निंदा करता है।” समूह ने आतंकवाद विरोधी प्रयासों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया और इस मामले में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के तहत कार्रवाई की आवश्यकता बताई।

जयशंकर का बयान:
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने वॉशिंगटन में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले स्पष्ट कहा कि, “भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवादियों को बिना जवाब के छोड़ना अब स्वीकार्य नहीं है।

जयशंकर ने यह भी जोड़ा कि, “दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी चाहिए और पीड़ितों की तुलना आतंकियों से नहीं की जानी चाहिए।”



