बांग्लादेश में हिंदू महिला पर हैवानियत: विधवा से दुष्कर्म, पेड़ से बांधकर काटे बाल, वीडियो किया वायरल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में चार हिंदुओं की हत्या के बाद अब एक और दिल दहला देने वाला मामला उजागर हुआ है। झेनैदाह जिले के कालिगंज थाना क्षेत्र के नादिपारा गांव में एक 40 वर्षीय हिंदू विधवा महिला के साथ सामूहिक दरिंदगी की गई।

पीड़िता के अनुसार, स्थानीय अपराधी शाहीन और उसके एक साथी ने पहले महिला के साथ बलात्कार किया, फिर उसे पेड़ से बांधकर जबरन उसके बाल काट दिए। आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पीड़िता को मानसिक रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है।

घटना के बाद महिला बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद पीड़िता ने कालिगंज थाने में आरोपी शाहीन और उसके साथी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने करीब ढाई साल पहले शाहीन और उसके भाई से 20 लाख रुपये में तीन डेसिमल जमीन और दो मंजिला मकान खरीदा था। इसके बाद से ही आरोपी की नीयत महिला पर खराब हो गई थी। कई बार उसने महिला के साथ अश्लील हरकतें करने की कोशिश की, लेकिन हर बार महिला ने विरोध किया।

जब महिला ने आरोपी के प्रस्तावों को ठुकरा दिया, तो वह बदले की भावना से उसे परेशान करने लगा। आरोप है कि शनिवार शाम, जब महिला के घर दो रिश्तेदार मौजूद थे, उसी दौरान शाहीन और उसका साथी जबरन घर में घुस आए और इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

इस घटना के सामने आने के बाद बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment