रायपुर।छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज, 18 नवंबर को राज्य मंत्रिमंडल की अहम बैठक होने जा रही है। यह बैठक सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने और कई बड़े निर्णयों पर मुहर लगने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, बैठक में प्रदेश में शुरू हुई धान खरीदी की व्यवस्था और छत्तीसगढ़ कृषक विकास योजना के उद्देश्यों पर मंथन किया जा सकता है। किसानों के हित से जुड़े मुद्दों, सहकारी समितियों तथा कृषि क्षेत्र के विकास को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
इस बैठक में छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र की तैयारियों पर भी विचार किया जा सकता है। माना जा रहा है कि सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले अनुपूरक बजट, विधेयकों और संशोधन प्रस्तावों पर कैबिनेट अंतिम निर्णय ले सकती है।
इसके अलावा, छत्तीसगढ़ समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी से जुड़े विधेयकों के प्रारूप पर भी चर्चा होने की संभावना है। साथ ही विधानसभा सत्र में पेश किए जाने वाले कुछ अन्य संशोधन विधेयकों के मसौदों को मंजूरी दिए जाने की बात कही जा रही है।
इस बैठक से विशेष रूप से D.Ed अभ्यर्थियों को काफी उम्मीदें हैं। पिछले दिनों मंत्री बंगाल के सामने प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों ने सहायक शिक्षकों के 2,300 पदों पर नियुक्ति के निर्णय लेकर राहत देने की मांग की है। अब उनकी नजर इस कैबिनेट बैठक में लिए जाने वाले फैसले पर है।







