चॉकलेट के लालच में फंसी मासूम, बड़े पापा ने किया दुष्कर्म

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। माधौगंज थाना क्षेत्र में 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।


जानकारी के मुताबिक पीड़िता पड़ोस में रहने वाले बड़े पापा के घर दूध की थैली देने गई थी। लौटते वक्त आरोपी ने उसे चॉकलेट का लालच देकर अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ घिनौनी हरकत की। इसी दौरान जब बच्ची की दादी उसे ढूंढते हुए वहां पहुंचीं, तो आरोपी ने मासूम को जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया।


डर के कारण बच्ची ने उस वक्त किसी को कुछ नहीं बताया। दो दिन बाद जब मां उसे नहला रही थीं, तब प्राइवेट पार्ट पर गहरे घाव देखकर उन्हें शक हुआ। पूछने पर बच्ची रो पड़ी और बोली कि “मम्मी, बड़े पापा बहुत गंदे हैं, उन्होंने मुझे गलत तरीके से छुआ और मना करने पर मारने की धमकी दी।”


पहले परिवार ने बदनामी के डर से बात छुपा ली, लेकिन बाद में पिता को जानकारी दी गई। जब पिता आरोपी के पास विरोध करने पहुंचे, तो उसने उल्टा धमकाने की कोशिश की। इसके बाद शनिवार को माता-पिता बच्ची को लेकर माधौगंज थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह मजदूरी करता है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

koi

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment