रायपुर।छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल ने ईडी की कार्रवाई को दिल्ली स्थित अपीलेट ट्रिब्यूनल में चुनौती दी है। ईडी ने चैतन्य बघेल से जुड़ी करीब 61 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है।
इस मामले में दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के 355 प्लॉट्स शामिल हैं। ईडी ने इन प्लॉट्स पर शनिवार को कब्जे की कार्रवाई की और जब्ती के नोटिस चस्पा किए। इन प्लॉट्स की अनुमानित कीमत करीब 61 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके हैं, जबकि बाकी 355 प्लॉट्स पर ईडी ने कार्रवाई की है।
ईडी का आरोप है कि शराब घोटाले से कमाई गई रकम को रियल एस्टेट में निवेश किया गया। एजेंसी ने नवंबर 2025 में इन संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। बाद में पीएमएलए के निर्णायक प्राधिकरण ने मार्च 2026 में इस कुर्की को मंजूरी दे दी थी।
चैतन्य बघेल ने इस कुर्की और कब्जे की कार्रवाई के खिलाफ अपीलेट ट्रिब्यूनल में अपील दायर की है। ट्रिब्यूनल ने ईडी से जवाब दाखिल करने को कहा है।
सोमवार को हुई सुनवाई में ईडी के वकील ने जवाब दाखिल करने के लिए तीन से चार सप्ताह का समय मांगा, लेकिन ट्रिब्यूनल ने अतिरिक्त समय देने से इनकार कर दिया।
अब इस मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी। उस दिन ईडी के जवाब और दोनों पक्षों की दलीलों पर ध्यान दिया जाएगा।
मामले में आगे क्या फैसला होगा, यह ट्रिब्यूनल की सुनवाई के बाद तय होगा। तब तक ईडी की कार्रवाई और चैतन्य बघेल की अपील को लेकर कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।





