सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में एक राइस मिल में लगी भीषण आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर कटेली रोड स्थित केजरी राइस मिल में शुक्रवार दोपहर अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते मिल परिसर में रखे हजारों क्विंटल धान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में मिल के अंदर रखा धान और भूसा धधकने लगा। इससे घना धुआं और ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन दो घंटे बीत जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि पास से गुजर रहे लोगों में घबराहट फैल गई। कई राहगीर रुककर घटना को देखते रहे, जबकि मिल के कर्मचारी और आसपास के लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
बताया जा रहा है कि मिल परिसर में बड़ी मात्रा में धान का स्टॉक रखा हुआ था। वहीं धान के सूखे छिलके यानी भूसा भी मौजूद था, जिसने आग को तेजी से फैलने में ईंधन का काम किया। इसी वजह से दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
फिलहाल आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। हालांकि प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि आसपास के खेतों में पराली जलाने के कारण आग की चिंगारी मिल तक पहुंच गई होगी, जिससे यह हादसा हुआ हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। दमकल कर्मियों के साथ मिल के कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार आग बुझाने के प्रयास में लगे हुए हैं। वहीं, जिला राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इस हादसे में धान के बड़े स्टॉक के जलने से भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।







