महासमुंद जेल से चार बंदी फरार!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

महासमुंद जिला जेल से सोमवार तड़के करीब 4 बजे चार विचाराधीन बंदी फरार हो गए। बंदियों ने जेल की दीवार पर लगे बिजली के कनेक्शन को काटा और कंबलों को आपस में बांधकर फंदा बनाया। इसी फंदे के सहारे वे दीवार पर चढ़कर जेल के दूसरी तरफ उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया और फरार बंदियों की तलाश शुरू कर दी गई।

फरार हुए चार बंदियों में दो जबलपुर, मध्यप्रदेश के, एक राजस्थान का और एक महासमुंद जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। इनमें तीन बंदी गांजा तस्करी के मामले में, जबकि एक चोरी के मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में बंद था।

बताया जा रहा है कि भागने की कोशिश में पांचवां बंदी भी दीवार तक पहुंचा, लेकिन वह नीचे गिर गया। इससे वह जेल परिसर में ही रह गया, जबकि चार बंदी भागने में सफल रहे। पुलिस और जेल प्रशासन ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया है।

महासमुंद के एएसपी सुशील नायक ने बताया कि घटना सुबह करीब 4 बजे की है। बंदियों ने दीवार पर प्रवाहित विद्युत कनेक्शन काटकर कंबल के सहारे भागने की कोशिश की। फिलहाल फरार बंदियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को तैनात किया गया है।

इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि बंदियों को भागने का मौका कैसे मिला, बिजली के कनेक्शन को काटने में कैसे सफल हुए और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक रही।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment