मोहित सोमानी के घर सीबीआई का छापा!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।महादेव सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। शुक्रवार को सीबीआई की टीम ने रायपुर की समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के घर पर छापा मारा। मोहित इस मामले में गिरफ्तार है और फिलहाल रायगढ़ जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है।

सूचना के अनुसार, सीबीआई की टीम सुबह ही मोहित सोमानी के आवास पर पहुंची। जांच अधिकारियों ने घर में दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की तलाशी की। एजेंसी को आशंका है कि मोहित सट्टा नेटवर्क से जुड़ा था और वह प्रमोटर से ऐप की आईडी लेकर उसे आगे बेचता था। हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि मोहित सोमानी को इससे पहले रायगढ़ पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे रायगढ़ जेल भेजा गया, जहां वह न्यायिक हिरासत में है। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

वहीं, मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को आज प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर जेल से ईडी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। ईडी ने पीएमएलए विशेष अदालत में आवेदन दाखिल किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।

पेशी के बाद प्रवर्तन निदेशालय सौरभ चंद्राकर की कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है। ईडी उससे सट्टा ऐप के नेटवर्क, आरोपियों के बीच संबंध और पैसों के लेनदेन से जुड़े सवालों पर पूछताछ करना चाहती है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि सौरभ से मिलने वाली जानकारी से पूरे नेटवर्क और धन शोधन के रास्तों का खुलासा हो सकेगा।

महादेव सट्टा ऐप मामला छत्तीसगढ़ में चल रहे बड़े ऑनलाइन सट्टा और धन शोधन मामलों में से एक माना जा रहा है। जांच एजेंसियों की लगातार कार्रवाई के बीच आने वाले समय में इस मामले में और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment