कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल में नए कमरों का लोकार्पण, दीपावली मिलन व प्रदेश सम्मेलन पर चर्चा

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल, आशीर्वाद भवन रायपुर में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक से पूर्व भवन के द्वितीय तल पर नवनिर्मित चार कमरों का विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने फीता काटकर कमरों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जी द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं मंगल कामना के साथ किया गया।

इसके पश्चात समाज के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा एवं सचिव राजकुमार दीक्षित के करकमलों से फीता काटकर उद्घाटन किया गया। प्रथम कमरे का उद्घाटन अध्यक्ष सुरेश मिश्रा एवं रमेश मिश्र द्वारा किया गया, जबकि द्वितीय कमरे का उद्घाटन पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र पांडे एवं वरिष्ठ सदस्य गिरजा शंकर दीक्षित ने किया। तृतीय कमरे का उद्घाटन उपाध्यक्ष (सभा) नीता अवस्थी, आभा बाजपेई एवं महिला मंडल की अन्य सदस्यों द्वारा किया गया। चतुर्थ कमरे का उद्घाटन सचिव राजकुमार दीक्षित एवं उपाध्यक्ष संजय अवस्थी द्वारा किया गया।

कमरों के लोकार्पण के पश्चात उपस्थित सदस्यों ने भवन में हुए निर्माण कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे समाज की शैक्षणिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इसके बाद विद्यालय के ऊपर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसका संचालन अध्यक्ष सुरेश मिश्रा एवं सचिव राजकुमार दीक्षित ने किया।

बैठक में आगामी दीपावली मिलन समारोह को गरिमामय एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। समारोह की रूपरेखा, तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए गए। अध्यक्ष की अनुमति के बाद सदस्यों द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रश्न एवं सुझाव रखे गए तथा उन पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव के रूप में प्रदेश स्तरीय सर्व ब्राह्मण समाज सम्मेलन आयोजित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। जयशंकर तिवारी के संयोजन एवं नेतृत्व में इस संबंध में चर्चा की गई। प्रस्तावित सम्मेलन को सफल बनाने, प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने तथा सामाजिक एकता, समन्वय एवं संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देने पर विचार किया गया।

बैठक में पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र पांडे, गिरजा शंकर दीक्षित, अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, सचिव राजकुमार दीक्षित, उपाध्यक्ष नीता अवस्थी एवं संजय अवस्थी, सह सचिव प्रमोद मिश्रा एवं अनुराग पांडे सहित सभा के निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यगण तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भवन के विकास, समाज की एकजुटता तथा आगामी सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर सदस्यों में उत्साह दिखाई दिया। कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल का उद्देश्य समाज की एकता, शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक सहयोग की भावना को निरंतर आगे बढ़ाना है। आशीर्वाद भवन में नए कमरों का निर्माण इसी दिशा में एक और सार्थक कदम माना जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment