अभिजीत दिपके समेत तीन नेता प्लेन के अंदर से ही हिरासत में

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने शनिवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया। उनके साथ पार्टी के सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया। तीनों को मुंबई से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट से उतारा गया।

पुलिस टीम के विमान में दाखिल होते ही अंदर तनाव और हंगामे जैसी स्थिति बन गई। दिपके ने पुलिस से कहा कि वे गिरफ्तार होने के लिए ही दिल्ली आए हैं और उन्हें किसी भी कार्रवाई से डर नहीं है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने इसे गिरफ्तारी नहीं बल्कि हिरासत बताया और उनसे सहयोग की अपील की।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई CJP की जंतर-मंतर पर प्रस्तावित “जंतर मंतर 2.0” प्रदर्शन से पहले की गई। पार्टी चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही थी। पुलिस ने तीनों नेताओं को विमान से बाहर निकालकर बस में बैठाया और उन्हें अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

CJP ने तीनों नेताओं की हिरासत की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने इसे “अधिनायकवादी हिरासत” बताया और आरोप लगाया कि नेताओं की आवाजाही की आजादी का उल्लंघन हुआ है। पार्टी ने उनकी तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग की है।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर और केंद्रीय दिल्ली के आसपास बैरिकेडिंग की गई है, सड़कों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं और सीमाओं पर वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment