147 करोड़ के कस्टम मिलिंग घोटाले में रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कथित 147 करोड़ रुपये के कस्टम मिलिंग घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से ईडी को पूछताछ के लिए पांच दिन की रिमांड मंजूर हुई है। अग्रवाल को 13 अक्टूबर को फिर अदालत में पेश किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, रामगोपाल अग्रवाल को प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से अदालत में पेश किया गया था। गिरफ्तारी से पहले ईडी ने रायपुर जेल में उनसे पूछताछ की थी। इसके बाद मामले में आगे की जांच के लिए उन्हें गिरफ्तार किया गया। ईडी ने पांच दिन की रिमांड मांगी थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।

यह मामला खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 की धान खरीद और कस्टम मिलिंग से जुड़ा है। आरोप है कि धान से चावल बनाने की प्रोत्साहन राशि 40 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 120 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई थी, जबकि चावल मिल मालिकों से कथित तौर पर 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से नकद वसूली की गई। ईडी का दावा है कि अग्रवाल ने इस वसूली के निर्देशन में भूमिका निभाई और रकम जुटाने के लिए लोगों को नामित किया।

ईडी के अनुसार, वसूली गई रकम का उपयोग कथित रूप से पार्टी फंड के लिए किया गया था। एजेंसी रिमांड के दौरान रकम के लेनदेन, संबंधित लोगों और घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी। बताया जा रहा है कि अग्रवाल कथित शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में भी ईडी की गिरफ्तारी का सामना कर रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment