रेड से पहले ही फरार हुआ शोएब ढेबर! पुलिसकर्मी लाइन अटैच

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की तलाश में पुलिस ने कई ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस टीम ने पाम बेलाजिओ और बैरन बाजार स्थित उसके पारिवारिक घर समेत करीब आधा दर्जन जगहों पर दबिश दी, लेकिन शोएब वहां नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शोएब वहां से निकल चुका था। ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस की कार्रवाई की जानकारी पहले ही उसे मिल गई थी?

इसी आशंका के बीच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात आरक्षक शिवम द्विवेदी को लाइन अटैच कर दिया गया है। हालांकि, पुलिस के उपलब्ध आदेश में कार्रवाई के पीछे प्रशासनिक कारण बताया गया है। गोपनीय सूचना लीक होने के आरोपों को लेकर पूरी जांच की जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं हुई है।

पुलिस ने शोएब की तलाश तेज कर दी है और रायपुर के अलावा दूसरे राज्यों में भी उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगहों पर दबिश दी।

मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी और धमकी से जुड़ा है। पुलिस जांच में शोएब की भूमिका सामने आने के बाद उसे पहले गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी दोबारा गिरफ्तारी के लिए अदालत से अनुमति ली।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment