रायपुर।छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब डीप डिप्रेशन में बदल गया है। इसके चलते दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से अति भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम के बिगड़ने के दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने रायपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, नारायणपुर और कांकेर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। तेज आंधी और बारिश के समय खुले स्थानों पर जाने से बचें। बिजली गिरने की आशंका के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और खुले मैदान से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है।





