रायपुर।छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम का WhatsApp अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर ने सांसद के WhatsApp का इस्तेमाल कर उनके संपर्क में रहने वाले कई लोगों को मैसेज भेजे और उनसे पैसे की मांग की। अलग-अलग लोगों से 56 हजार और 60 हजार रुपये तक मांगे जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि सांसद के नंबर से लोगों को WhatsApp पर मैसेज भेजकर UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। कुछ लोगों को 56 हजार रुपये के UPI भुगतान से जुड़े फर्जी मैसेज भी भेजे गए। सांसद के परिचितों और अन्य संपर्कों तक ऐसे संदेश पहुंचने के बाद मामला सामने आया।
सांसद के नंबर से पैसे मांगने की कोशिश
हैकर ने फूलो देवी नेताम के WhatsApp नंबर का इस्तेमाल कर उनके परिचितों को भरोसे में लेने की कोशिश की। कई लोगों को मैसेज भेजकर 56 हजार और 60 हजार रुपये की मांग की गई। इससे आशंका है कि साइबर ठग सांसद की पहचान का फायदा उठाकर उनके संपर्कों से पैसे ठगने की कोशिश कर रहा था।
मामला सामने आने के बाद सांसद से जुड़े लोगों को सतर्क किया जा रहा है। उन्हें सलाह दी गई है कि सांसद के नंबर से पैसे मांगने वाला कोई भी मैसेज आने पर तुरंत भरोसा न करें और बिना पुष्टि के किसी भी UPI खाते में रकम ट्रांसफर न करें।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
मामले में साइबर पुलिस से शिकायत और तकनीकी जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि WhatsApp अकाउंट किस तरह हैक किया गया और ठगी की कोशिश के पीछे कौन लोग हैं।
फूलो देवी नेताम ने भी लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से पैसे मांगने वाला कोई संदेश मिले तो रकम भेजने से पहले सीधे फोन करके इसकी पुष्टि जरूर करें।





