नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई और बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलिंडर की दोबारा बुकिंग को लेकर बड़ा बदलाव किया है। नए नियम के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए सिलिंडर बुकिंग का अंतराल अब एक जैसा कर दिया गया है।
सरकार ने ग्रामीण इलाकों में दूसरा एलपीजी सिलिंडर बुक करने के लिए तय 45 दिनों की समय सीमा घटाकर 25 दिन कर दी है। यानी अब ग्रामीण उपभोक्ता एक सिलिंडर लेने के 25 दिन बाद ही दूसरा रिफिल बुक कर सकेंगे। इससे ज्यादा एलपीजी इस्तेमाल करने वाले परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नए नियम के बाद अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी ग्राहकों को 25 दिन के अंतराल पर रिफिल बुक करने की सुविधा मिलेगी। इसका सबसे ज्यादा फायदा उन परिवारों को होगा, जिनके यहां एलपीजी की खपत ज्यादा है और खाना बनाने के लिए कोई दूसरा विकल्प उपलब्ध नहीं है।
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एलपीजी सप्लाई की स्थिति में सुधार हुआ है और रिफिल का बैकलॉग भी कम हुआ है। इसी को देखते हुए सरकार ने बुकिंग को लेकर लगाई गई पाबंदी में राहत दी है।
पहले क्या था नियम?
पहले ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को दूसरा सिलिंडर बुक करने के लिए 45 दिन इंतजार करना पड़ता था, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अंतराल 25 दिन था। अलग-अलग नियम होने से ग्रामीण परिवारों को परेशानी होती थी। अब दोनों क्षेत्रों के लिए यह अवधि समान कर दी गई है।
दरअसल, मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते ऊर्जा आपूर्ति और ईंधन बाजार पर दबाव बढ़ा था। इसका असर एलपीजी की उपलब्धता और सप्लाई व्यवस्था पर भी पड़ा। इसी वजह से रिफिल की बुकिंग और सप्लाई को लेकर कई बदलाव किए गए थे।
अब सप्लाई व्यवस्था में सुधार के बाद सरकार ने ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग का अंतराल कम करने का फैसला लिया है। 45 दिन के बजाय 25 दिन में दूसरा सिलिंडर बुक करने की सुविधा मिलने से ग्रामीण परिवारों को सिलिंडर खत्म होने की स्थिति में लंबे इंतजार से राहत मिलेगी।





